Ashish Urmaliya || Pratinidhi Manthan
भारत बायोटेक ने देश और दुनिया को कोरोना वैक्सीन से जुड़ी एक और बड़ी खुशखबरी दी है। दरअसल, देश के दवा नियामक सेंट्रल ड्रग्स स्टैंडर्ड कंट्रोल ऑर्गेनाइजेशन (केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन) के विशेषज्ञों की समिति ने नाक से दी जाने वाली कोरोना वैक्सीन के पहले चरण के ट्रायल के लिए भारत बायोटेक को मंजूरी दे दी है. भारत बायोटेक कंपनी ने हाल ही में दवा महानियंत्रक को चिट्ठी लिख ‘नेजल वैक्सीन’ के पहले और दूसरे चरण के क्लीनिकल ट्रायल (नैदानिक परीक्षण) के लिए मंजूरी मांगी थी। एक अधिकारी ने जानकारी दी कि अगर भारत बायोटेक की यह वैक्सीन कारगर साबित हुई तो कोरोना के खिलाफ लड़ाई में दुनियाभर में महत्वपूर्ण बदलाव नज़र आएगा।
भारत बायोटेक कंपनी के मुताबिक, शुरुआत में नाक से दी जाने वाली इस वैक्सीन का ट्रायल नागपुर, भुवनेश्वर, पुणे और हैदराबाद जैसे शहरों में किया जाएगा। कंपनी का नागपुर में एक अस्पताल से ट्रायल को लेकर पहले ही करार हो चुका है। भारत बायोटेक की इस वैक्सीन की सबसे खास बात यह है कि ये नाक के जरिए दी जाने वाली वैक्सीन COVID 19 की एकल खुराक वैक्सीन है।
क्या यह वैक्सीन अधिक प्रभावशाली है?
दुनियाभर के वैज्ञानिकों मानना है तथा एक शोध में भी यह पाया गया है कि नाक से दी जाने वाली वैक्सीन कंधे पर इंजेक्शन के जरिए दिए जाने वाले टीके के मुकाबले अधिक प्रभावशाली होती है। बीते साल सितंबर के महीने में ही इस वैक्सीन को बनाने वाले शोधकर्ताओं ने दावा कर दिया था कि यह वैक्सीन अधिक व्यापक प्रतिरक्षा प्रतिक्रिया पैदा करती है जो की भारत के साथ दुनियाभर के लिए बेहद लाभदायक है.
भारत की तो है ही इसके अलावा छह अन्य देशों में सप्लाई की जाएगी यह वैक्सीन
फ़िलहाल देश में लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाने का काम तो शुरू हो ही गया है. इसके साथ ही अब कोविशील्ड और कोवैक्सीन की सप्लाई दूसरे देशों में भी शुरू हो चुकी है। विदेश मंत्रालय के बताए अनुसार, हमारी देसी वैक्सीन भूटान, मालदीव, बांग्लादेश, नेपाल, म्यांमार और सेशल्स को सहायता स्वरूप दी जाएगी।
