आधार कानून का उल्लंघन करने पर कंपनियों को देना पड़ सकता है 1 करोड़ तक का जुर्माना

Ashish Urmaliya | The CEO Magazine

सरकार ने आधार एक्ट में संसोधन करते हुए, आधार एक्ट का उल्लंघन करने वाली कंपनियों पर 1 करोड़ रुपए तक का जुर्माना लगाने का प्रस्ताव पेश किया है. लगातार, ऐसा करने पर रोजना 10 लाख रुपए तक की अतिरिक्त पेनल्टी भी चुकानी पड़ेगी।  न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, इस प्रस्ताव के तहत आधार जारी करने वाली संस्था यूआईडीएआई को विशेष अधिकार दिए जाएंगे और यह नियामक (रेग्युलेटर) की तरह काम कर सकेगी। यूआईडीएआई के पास फिलहाल यह अधिकार नहीं है कि वह नियम तोड़ने वाली कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई कर सके।

नए प्रस्ताव के अनुसार ऐसे बच्चे जिनके पास आधार हैं, उन्हें 18 साल की उम्र पूरी करने के छह महीने के अंदर इस 12 अंक की बायोमीट्रिक नंबर को रद्द कराने का विकल्प दिया जायेगा। साथही किसी बच्चे के आधार नामांकन के लिए माता-पिता या अभिभावक की मंजूरी जरूरी होगी। आधार ना होने पर किसी भी बच्चे को सब्सिडी, लाभ या अन्य सेवाओं से वंचित नहीं रखा जायेगा। प्रस्तावित संशोधनों में ‘वर्चुअल आईडी’ और आधार के इस्तेमाल के स्वैच्छिक और ऑफलाइन तरीके का भी प्रावधान होगा।

आधार कानून के इस नए प्रस्ताव में एक नई धारा जोड़ी जाएगी। इसके तहत आधार पारिस्थितिकी तंत्र में कानून, नियम तथा निर्देशों का उल्लंघन करने वाली कंपनियों पर जुर्माना लगाया जायेगा। आधार पारिस्थितिकी तंत्र के अंतर्गत पंजीयक, नामांकन एजेंसियां, अनुरोध करने वाली इकाइयां, ऑफलाइन सत्यापन करने वाली कंपनियां आती हैं। अनधिकृत तरीके से सेंट्रल आइडेंटिफिकेशन डेटा रिपॉजिटरी तक पहुंच तथा डेटा से छेड़छाड़ करने पर सजा की अवधि को मौजूदा के तीन साल से बढ़ाकर 10 साल करने का उल्लेख भी प्रस्ताव में है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *