आखिर क्या है ‘कॉन्टैक्टलेस ‘  एटीएम कार्ड? अब मशीन के सामने आते ही कट जायेंगे पैसे!

Ashish Urmaliya | The CEO Magazine

1 जनवरी 2019 से अधिकांश बैंकों ने कॉन्टैक्टलेस डेबिट/क्रेडिट कार्ड जारी करने शुरू कर दिए हैं। इस नए तरह के कार्ड ने करोड़ों डेबिट/क्रेडिट कार्ड उपयोगकर्ताओं की चिंता बढ़ा दी है. दरअसल, इस कार्ड के ज़रिये आप बिना पिन कोड या ओटीपी के 2000 रूपए तक का ट्रांजेक्शन कर सकते हैं. इसमें कार्ड को पेमेंट मशीन सामने ले जाने मात्र से ही पेमेंट हो जाएगी। मतलब, अगर आप किसी शॉपिंग मॉल या दुकान पर 2000 या उससे कम कीमत की शॉपिंग करते हैं तो आपको वहां पेमेंट के लिए सिर्फ कार्ड को मशीन के पास ले जाना है और आपकी पेमेंट हो जाएगी, इसके लिए न तो किसी पिन कोड की आवश्यकता होगी और न ही किसी तरह के ओटीपी की.

हालांकि 2000 रूपए से ऊपर की पेमेंट करने के लिए आपको सामान्य प्रक्रिया अपनानी होगी जो आप अभी अपनाते हैं। लेकिन सवाल ये उठता है कि अगर गलती से हमारा कार्ड किसी और के हाथ लग गया तब क्या होगा?  जी हाँ, वह व्यक्ति आसानी से आपके खाते के 2000 या उससे ज्यादा रूपए का उपयोग कर लेगा। अगर आपने तुरंत ही अपना कार्ड ब्लॉक नहीं करवाया है तो।

पिछले कुछ दिनों से विभिन्न बैंकों द्वारा इस तरह के कार्ड अपने ग्राहकों को उपलब्ध कराये जा रहे हैं। इन बैंकों की लिस्ट में एसबीआई, एक्सिस, आईडीबीआई, एचडीएफसी और आईसीआईसीआई जैसे बैंक शामिल हैं। इन सभी बैंकों द्वारा विभिन्न माध्यमों के ज़रिये इस प्रक्रिया को ज्यादा सुरक्षित बताया जा रहा है। इनके अनुसार, इस प्रक्रिया के दौरान कार्ड आपके हाथ में ही रहता है और क्लोनिंग के ज़रिये फ्रॉड का खतरा नहीं होता। साथ ही, इसके जरिये आप तीन गुना तेज़ी से पेमेंट कर पाते हैं।

एक रिपोर्ट के अनुसार, देश में लगभग 60% वित्तीय लेन-देन दो हजार रुपए से कम का होता है। बड़ी मात्रा में हो रहे इस लेन-देन को सरल करने के लिए विभिन्न बैंकों द्वारा कॉन्टैक्टलेस कार्ड का प्रचलन बढ़ाया जा रहा है। बता दें, देश का पहला कॉन्टैक्टलेस कार्ड, वीज़ा द्वारा 2015 में जारी किया गया था। तब से लेकर अब तक वीज़ा 2 करोड़ से ज्यादा कार्ड जारी कर चूका है। कॉन्टैक्टलेस ट्रांजैक्शन की लिमिट की बात की जाये तो एक्सिस, एसबीआई और यूनियन बैंक ने एक दिन में अधिकतम 5 ट्रांजेक्शन की सीमा तय की हुई है। जबकि कुछ बैंकों द्वारा हरदिन 10000 रुपए तक का कॉन्टैक्टलेस ट्रांजेक्शन किया जा सकता है। आने वाले कुछ दिनों में लगभग सभी के पास इस तरह के कार्ड उपलब्ध होने की संभावना है।

आईडीबीआई बैंक, भोपाल के डीजीएम श्रीजीत के अनुसार, "इन कार्ड्स में सुरक्षा का खतरा तो है, लेकिन आप बैंक एप के माध्यम से अपने अनुसार इसकी ट्रांजेक्शन लिमिट तय कर सकते हैं।" साइबर सुरक्षा के एक्सपर्ट पवन दुग्गल ने इस तरह का लेन-देन असुरक्षित बताया है। साथ ही उन्होंने कहा है, कि इससे साइबर फ्रॉड को बढ़ावा मिलेगा। इसकी सुरक्षा के लिए अधिक स्पष्टता लानी होगी और ग्राहकों को जागरूक करना होगा। कुछ दिनों पहले महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन, आनंद महिंद्रा भी एक ट्वीट के जरिये इस तरह की पेमेंट सुविधा को लेकर अपनी चिंता जाहिर कर चुके हैं।

इस तरह के कार्ड को लेकर, नीचे कुछ सवाल (जो आपके मन में उठ रहे होंगे) और उनके उचित जबाब तैयार किये गए हैं. जिन्हें पढ़ने के बाद आपको यह प्रक्रिया समझने में आसानी होगी-

सवाल 1- कार्ड खो जाने व किसी और के हाथ लग जाने पर क्या होगा?

जवाब -पता लगते ही तुरंत बैंक से संपर्क कर कार्ड को ब्लॉक करवाएं। हो सकता है आपके ब्लॉक करवाने से पहले उसका उपयोग कर लिया गया हो, तो आपके इस नुकसान की भरपाई बैंक करेगा। लेकिन ये भी हो सकता है कि पैसा वापस पाने के लिए आपको बैंक के समक्ष इससे जुड़े कुछ सबूत पेश करने पड़ें।

सवाल 2- मतलब, किसी का कार्ड मिलने पर कोई भी कम से कम दो हजार रुपए तक की शॉपिंग आसानी से कर सकता है?

जवाब -जी हां, बिलकुल। अगर किसी बैंक की लिमिट प्रतिदिन 20000 है तो वह व्यक्ति आपको 20000 तक का नुकसान पहुंचा सकता है। लेकिन इसके लिए उसे कम से कम 10 ट्रांजेक्शन करने होंगे।

सवाल 3- मशीन के पास से गुजरने भर से भी पेमेंट हो सकती है?

जवाब – नहीं, मशीन और कार्ड के बीच 4 सेंटीमीटर का अंतर होने पर ही पेमेंट होगी।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *